छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने पिसौद उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान खरीदी व्यवस्थाओं का लिया जायजा

धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों का माला पहनाकर एवं श्रीफल भेंटकर किया आत्मीय स्वागत, किसानों को दी शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी

 जांजगीर-चांपा, 17 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज पिसौद उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान खरीदी कार्य एवं किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने धान विक्रय के लिए केंद्र पहुंचे किसान श्री दिलचंद कश्यप, श्री घासीराम साहू, श्री रामेश्वर प्रसाद, श्री श्यामलाल कश्यप एवं श्री राम कश्यप का फूलमाला पहनाकर एवं श्रीफल भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर खरीदी प्रक्रिया एवं केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर श्री महोबे ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि धान विक्रय के लिए आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा में संपन्न कराई जाए। उन्होंने केंद्र में बारदाने की उपलब्धता, इंटरनेट कनेक्टिविटी, पेयजल, छाया, बिजली, चबूतरा एवं पहुंच मार्ग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेकर सभी सुविधाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने किसानों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब निर्धारित सीमा से कम मात्रा में धान विक्रय करने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से एक समान 13 हजार 839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान विक्रय करता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा।

कलेक्टर ने बताया कि रबी फसल के लिए किसानों की मांग के अनुरूप 05 जनवरी 2027 से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही एग्रीस्टेक पोर्टल में जिन किसानों की फसल के रूप में धान के स्थान पर अन्य फसल दर्ज हो गई है उसे दावा-आपत्ति के माध्यम से नियमानुसार निराकरण किया जा रहा है। कलेक्टर ने किसानों को बताया कि धान खरीदी के दौरान उनकी समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। किसान एवं आम नागरिक फोन नंबर 07817-222032 पर अपनी सूचना एवं शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस दौरान एसडीएम जांजगीर श्री सुब्रत प्रधान, जिला खाद्य अधिकारी श्री संदीप पांडेय, डीएमओ श्री मनोज यादव, सरपंच श्री ध्वजाराम साहू, श्री गौरी साहू, श्री द्वारिका साहू, श्री संतराम साहू, श्री राजेन्द्र, श्री राजेश सिंह, श्री अमन सिंह, श्री जय साहू सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!