
महेंद्र सिंह राय सीपत 29 जून 2025। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत में शनिवार को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत शाला प्रवेश उत्सव के साथ उत्साहपूर्वक की गई। रंग-बिरंगे गुब्बारों और झंडियों से सजे विद्यालय परिसर में बच्चों का पारंपरिक तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चंद्र प्रकाश सूर्या रहे, जिन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा “शिक्षा ही बच्चों का भविष्य संवारती है, और इसमें अभिभावकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है।”
उन्होंने 90% से अधिक अंक लाने वाले बच्चों को पुरस्कार देने की घोषणा करते हुए सभी विद्यार्थियों को नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की।
इस अवसर पर जनपद सदस्य मनोज खरे, शाला समिति अध्यक्ष यू.के. कौशिक, पूर्व मंडल अध्यक्ष बांके बिहारी गुप्ता, महामंत्री हरिकेश गुप्ता, पूर्व जनपद सदस्य अखिलेश यादव, प्राचार्य कुजूर जी, मंजू मिश्रा, अरुण जायसवाल, गीता प्रजापति, त्रिपाठी जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
विद्यालय की ओर से बच्चों को निःशुल्क स्कूल बैग, किताबें एवं स्टेशनरी वितरित की गईं।
शाला समिति अध्यक्ष यू.के. कौशिक ने कहा कि बच्चों को बेहतर माहौल और सुविधाएं देने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
जनपद सदस्य मनोज खरे ने आयोजन की नियमितता को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य से जोड़ा।
कार्यक्रम के अंत में “पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया।
समारोह ने न केवल बच्चों को उत्साहित किया बल्कि शिक्षा के प्रति सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया।