पामगढ़ तहसील में ACB की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते अतिरिक्त तहसीलदार व पटवारी गिरफ्तार

जांजगीर चांपा। पामगढ़ तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर एवं पटवारी आयुष ध्रुव को ₹35,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों द्वारा चोरभट्टी धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी से शासकीय कार्य के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत प्राप्त होने पर ACB द्वारा मामले की जांच की गई तथा पुष्टि होने के बाद नियोजित ट्रैप कार्रवाई की गई।
निर्धारित योजना के अनुसार, जैसे ही शिकायतकर्ता ने राशि सौंपी, ACB की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रिश्वत की राशि सहित गिरफ्तार कर लिया। मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रकरण में यह भी जांच की जा रही है कि इस तरह की गतिविधियों में अन्य कोई अधिकारी या कर्मचारी संलिप्त तो नहीं है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ACB की इस कार्रवाई को आमजन द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सशक्त कदम के रूप में देखा जा रहा है।




