पामगढ़–शिवरीनारायण लूटकांड में घायल युवक की मौत, अपराधियों की फायरिंग से दहला था इलाका

जांजगीर चांपा, 5 फरवरी 26। पामगढ़ और शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में 27 व 29 जनवरी को घटित लूट व जानलेवा हमले की सनसनीखेज वारदात में एक घायल युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। मृतक की पहचान अमन बंजारे, निवासी कचंदा (थाना शिवरीनारायण) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उक्त घटनाओं में 14 लोगों से लूटपाट की गई थी तथा तीन लोगों पर जानलेवा हमला किया गया था। अमन बंजारे भी इस लूट का शिकार हुआ था, जिसे सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद कोमा की स्थिति में बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस प्रकरण में जब पुलिस आरोपियों को पकड़ने गई थी, तब बदमाशों द्वारा पुलिस पार्टी पर फायरिंग भी की गई थी। इस दौरान घटना का मास्टरमाइंड पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ था।
पुलिस ने इस मामले में अब तक दो नाबालिगों सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शेष आरोपियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहन विवेचना की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।




