स्कूल के सामने खुलेआम महुआ शराब, बार-बार सूचना के बाद भी पामगढ़ पुलिस निष्क्रिय

पामगढ़। ग्राम पंचायत मुड़पार (चु) स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पटेल पारा के सामने खुलेआम महुआ शराब की अवैध बिक्री जारी है। ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में पामगढ़ पुलिस को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष व्याप्त है।
विद्यालय के ठीक सामने इस तरह का अवैध कारोबार बच्चों के भविष्य और सुरक्षा दोनों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चे रोज इसी रास्ते से स्कूल आते-जाते हैं, जिससे उनका गलत माहौल से सामना हो रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद शराब बिक्री बदस्तूर जारी है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि पामगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग तत्काल संयुक्त कार्रवाई कर अवैध शराब के इस अड्डे को बंद कराएं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर कब संज्ञान लेता है और क्षेत्र के नागरिकों को कब राहत मिलती है।




