
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित सहयोग केन्द्र में मंगलवार को कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कार्यकर्ताओं से विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदन प्राप्त किए और कई मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
आज सहयोग केन्द्र में 225 विषयों से संबंधित कुल 142 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान लगभग 400 कार्यकर्ता केन्द्र पहुंचे और अपनी समस्याओं, मांगों एवं सुझावों से मंत्री श्री यादव को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जी. वेंकटेश्वर, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री अशोक बजाज, सह कार्यालय मंत्री श्री प्रीतेश गांधी तथा सहयोग केन्द्र प्रभारी श्री सच्चिदानंद उपासने की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि “कार्यकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सहयोग केन्द्र इसी उद्देश्य से एक मजबूत और प्रभावी मंच के रूप में कार्य कर रहा है।”
उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के बीच सेतु बनकर सहयोग केन्द्र कार्यकर्ताओं की आवाज को मजबूती से शासन-प्रशासन तक पहुंचा रहा है, जिससे जनसमस्याओं का समाधान और अधिक तेज़ी से हो रहा है।




