भिलाई में ट्यूशन टीचर की संदिग्ध हालात में जलकर मौत, बाथरूम से मिला शव, सुसाइड नोट बरामद

दुर्ग। भिलाई के सेक्टर-8 में उस समय सनसनी फैल गई जब एक मकान के बाथरूम में 50 वर्षीय महिला की जली हुई लाश मिली। मृतका की पहचान रंजना देवांगन के रूप में हुई है, जो पेशे से बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। घटना आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि बाथरूम से आग की लपटें और धुआं उठता देख पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल से माचिस की तीली, ज्वलनशील पदार्थ और एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत आग से जलने के कारण हुई प्रतीत हो रही है, लेकिन असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मृतका के दो बेटे हैं, जो शिक्षित हैं और अपने-अपने कार्य में संलग्न हैं। पड़ोसियों के अनुसार रंजना का परिवार शांत और सामान्य था, कभी किसी प्रकार के झगड़े या तनाव की जानकारी नहीं मिली।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मामले की सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।




