छत्तीसगढ़रायपुर

जनगणना का कार्य महत्वपूर्ण, गंभीरता से ले प्रशिक्षण – कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे

जनगणना 2027 हेतु प्रथम चरण का दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ

जांजगीर-चांपा 23 फरवरी 2026/ आगामी जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के सफल संचालन के लिए कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में बताया कि गया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग के तहत प्रत्येक मकान का सूचीकरण किया जाएगा। द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना के अंतर्गत प्रत्येक व्यक्ति की जनसांख्यिकीय जानकारी संकलित की जाएगी।

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को इसे पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित कार्मिक निर्धारित प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से भाग लें और प्रक्रियाओं को भली-भांति समझकर ही मैदानी कार्य करें, ताकि जनगणना का कार्य शत-प्रतिशत पारदर्शिता के साथ पूर्ण हो सके। प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, दायित्वों तथा समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण कार्य है। जिसके आधार पर विकास योजनाओं का निर्माण होता है। इसलिए यह दायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ करने कहा। उन्होंने कहा कि जनगणना की समस्त प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में संपन्न की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आम नागरिकों को जागरूक करें कि वे सही एवं सटीक जानकारी दें, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचा जा सके।

प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर श्री मनोज महिलांगे एवं श्री बलवंत सौम्यकर द्वारा जनगणना 2027 में जनगणना पदाधिकारियों की भूमिका और कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण में जनशक्ति और प्रचार गतिविधियां, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों की नियुक्ति, जनगणना में उपयोग की जाने वाली प्रक्रियाएं, डेटा नैतिकता, गोपनीयता, सुरक्षा और मोबाईल और वेब ऐप से जुड़ी समस्याओं का निराकरण, समय-सीमा, मोबाईल एप्प और पोर्टल के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्व-गणना प्रक्रिया, डेमो, उत्तरदाता, प्रगणक और पर्यवेक्षकों की भूमिका की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही प्रशिक्षण में जनगणना पदाधिकारियों की भूमिका और कानूनी प्रावधान, कोष प्रबंधन, जनशक्ति और प्रचार गतिविधियों, जनगणना की आधारभूत संरचना का निर्माण जनगणना में उपयोग की जाने वाली प्रक्रियाएं, अवधारणाएं और परिभाषाएं और एचएलओ प्रश्न 1 से 34 का अवलोकन, सीएमएमएस का परिचय – मॉड्यूल, सुविधाएँ, उपयोगकर्ताओं का प्रकार, उपयोगकर्ता पंजीकरण, सीएमएमएस- एचएलओ प्रबंधन, भाग 1, सीएमएमएस – एचएलओ प्रबंधन, भाग 2 में बारे में बताया गया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री संदीप ठाकुर, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, तहसील जनगणना चार्ज अधिकारी, नगरीय जनगणना चार्ज अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!