रायगढ़ में अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़, झारखंड का आरोपी हिरासत में

रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत आमाघाट इलाके में पुलिस और प्रशासन ने अवैध अफीम की खेती का खुलासा किया है। जानकारी के अनुसार, नदी किनारे तरबूज और ककड़ी की फसलों के बीच करीब एक एकड़ जमीन पर गुप्त रूप से अफीम उगाई जा रही थी।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसपी, एडिशनल एसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। इस दौरान झारखंड निवासी एक आरोपी मार्शल सांगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रायगढ़ निवासी सुषमा खलखो का पति झारखंड से आकर यहां अफीम की खेती कर रहा था। फिलहाल एक आरोपी से पूछताछ जारी है, जिसके आधार पर आगे की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एसएसपी शशिमोहन सिंह के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई। यह भी जांच की जा रही है कि जिस जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी, वह निजी है या शासकीय। साथ ही इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले दुर्ग और बलरामपुर जिलों में भी बड़े पैमाने पर अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।




