छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपामुलमुला

मुलमुला थाना क्षेत्र में अवैध महुआ शराब का फैलता कारोबार, पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल

मुलमुला, 29 मार्च 26। मुलमुला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मुलमुला, डेरा, कोसा, जेवरा, करूमहु एवं सोनसरी में अवैध महुआ शराब एवं देशी-विदेशी शराब का कारोबार तेजी से फैल रहा है। हालात यह हैं कि यह अवैध धंधा अब कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है।

क्षेत्र में प्रतिदिन शाम होते ही सार्वजनिक स्थानों पर शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। नशे की हालत में सड़क पर पड़े रहना, आपसी मारपीट, गाली-गलौज और अशांति की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। आम नागरिक इस स्थिति से परेशान और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब अवैध शराब का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है, तो इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कभी-कभार होने वाली कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है, जिससे अवैध कारोबारियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं।

इन हालातों के चलते क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े हो रहे हैं। लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि यदि सख्ती से कार्रवाई हो, तो इस प्रकार का अवैध कारोबार तुरंत बंद किया जा सकता है, लेकिन वर्तमान स्थिति कुछ और ही संकेत दे रही है।

अवैध महुआ शराब का सेवन लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। बीते वर्षों में जहरीली शराब के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है तथा इस प्रकार के मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। इसके बावजूद अवैध कारोबार पर नियंत्रण नहीं हो पाना चिंताजनक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!