जांजगीर-चांपा में सनसनीखेज वारदात: घर में सो रहे बुजुर्ग दंपति की धारदार हथियार से निर्मम हत्या, गांव में दहशत

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुलमुला थाना क्षेत्र के खपरी गांव में अज्ञात बदमाशों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपति की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।
मृतकों की पहचान छतराम साहू और उनकी पत्नी श्याम बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बीती रात अपने घर में सो रहे थे, तभी अज्ञात आरोपियों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मौके से खून से सने पैरों के निशान मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपियों के भागने की दिशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं घटनास्थल से होली का एक मुखौटा भी बरामद हुआ है, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि बदमाश पहचान छिपाने के लिए मुखौटा पहनकर आए थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को लूट और चोरी की नीयत से की गई हत्या मान रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।




