छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में NSUI का मुख्यमंत्री निवास घेराव, छात्रसंघ चुनाव बहाली को लेकर गरजे छात्र नेता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर बुधवार को NSUI ने राजधानी रायपुर में बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय के नेतृत्व में प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों छात्र-युवा कार्यकर्ताओं ने बूढ़ापारा से रैली निकालते हुए मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिससे मौके पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प की स्थिति भी बनी।

प्रदर्शन के दौरान “छात्र हित में चुनाव कराओ”, “लोकतंत्र बहाल करो” और “युवाओं की आवाज दबाना बंद करो” जैसे नारों से राजधानी गूंज उठी। NSUI कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में तत्काल छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि कई वर्षों से चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों की आवाज दबाई जा रही है और लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है।

इस अवसर पर NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि प्रदेश में लगातार छात्र हितों की अनदेखी की जा रही है, जिसे संगठन कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने सरकार से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की।

वहीं प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र की पहली पाठशाला है। चुनाव बंद कर युवाओं की भागीदारी और आवाज को दबाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर चुनाव की तारीख घोषित नहीं की गई, तो NSUI प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री निवास के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने आगे बढ़ रहे कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में वर्ष 2018 के बाद से नियमित छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए हैं। कोरोना महामारी सहित अन्य कारणों से चुनाव लगातार टलते रहे हैं। NSUI और ABVP समेत कई छात्र संगठन लंबे समय से चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!