छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपापामगढ़

पामगढ़ में कल होगी स्वामी आत्मानंद विद्यालय की प्रवेश संबंधी महत्वपूर्ण बैठक

पामगढ़। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी/अंग्रेजी माध्यम शासकीय महामाया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पामगढ़ में शिक्षा सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन कल 12 मई 2026, सोमवार को प्रातः 11:00 बजे विद्यालय के सभा कक्ष में किया जाएगा। बैठक में कक्षा पहली, नवमी एवं ग्यारहवीं में प्रवेश प्रक्रिया, सीट आवंटन एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

विद्यालय प्रबंधन ने क्षेत्र के सभी अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों एवं विद्यालय स्टाफ से बैठक में उपस्थित होकर सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

कक्षा पहली में 50 सीटों पर होगा प्रवेश

विद्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कक्षा पहली में रिक्त 50 सीटों के लिए 20 अप्रैल से 9 मई 2026 तक प्राप्त आवेदनों का परीक्षण किया जाएगा। पात्र आवेदकों में से 50 प्रतिशत सीटें बालिकाओं के लिए आरक्षित रहेंगी, जबकि शेष 50 प्रतिशत सीटों पर बालक एवं बालिकाओं को प्रवेश दिया जाएगा। कोरोना प्रभावित एवं अनाथ बच्चों को प्रवेश में प्राथमिकता दी जाएगी।

कक्षा नवमी में इन विद्यार्थियों को मिलेगी प्राथमिकता

कक्षा नवमी की 50 रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पामगढ़ एवं शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला पामगढ़ के अंग्रेजी माध्यम से अध्ययनरत विद्यार्थियों को सीधे प्रवेश दिया जाएगा। सीटें रिक्त रहने की स्थिति में अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को नियमानुसार अवसर प्रदान किया जाएगा।

कक्षा 11वीं में विद्यालय के विद्यार्थियों को प्राथमिकता

कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए सबसे पहले स्वामी आत्मानंद विद्यालय पामगढ़ से कक्षा दसवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद शेष सीटों पर अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।

विद्यालय परिवार ने कहा है कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अभिभावकों एवं समाज की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से सभी नागरिकों से बैठक में शामिल होने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!