भवंतरा हत्याकांड से दहला पामगढ़: एक ही परिवार के 4 लोगों की बेरहमी से हत्या, गांव में मातम और आक्रोश

पामगढ़। पामगढ़ क्षेत्र के शिवरीनारायण थाना अंतर्गत ग्राम भवंतरा में गुरुवार सुबह हुई एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या किए जाने से क्षेत्र में भय, आक्रोश और मातम का माहौल है। मृतकों में पति-पत्नी सहित दो मासूम बच्चे शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या धारदार हथियार, संभवतः कुल्हाड़ी से वार कर की गई है।
जानकारी के मुताबिक परिवार अपने नए मकान के निर्माण कार्य के चलते वहीं अस्थायी रूप से रह रहा था। गुरुवार सुबह जब निर्माण कार्य के लिए मिस्त्री मौके पर पहुंचा, तब उसने परिवार के चारों सदस्यों को खाट पर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। भयावह दृश्य देखकर उसने तत्काल गांव के सरपंच राजाराम कश्यप को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आपसी रंजिश समेत अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
इस हृदयविदारक वारदात ने पूरे पामगढ़ एवं जांजगीर-चांपा जिले को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।




