छत्तीसगढ़रायपुर

मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना को मिल रहा जबरदस्त प्रतिसाद, रायपुर में 30 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने कराया पंजीयन

रायपुर, 01 जून। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बकाया बिजली बिलों से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना को प्रदेशभर में उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है। योजना के तहत पुराने बकाया बिजली बिलों में विशेष छूट का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को 30 जून 2026 तक ‘मोर बिजली’ एप के माध्यम से पंजीयन कराना होगा।

अब तक केवल रायपुर जिले में ही 30 हजार से अधिक घरेलू, कृषि एवं बीपीएल उपभोक्ताओं ने अपना पंजीयन करा लिया है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इन उपभोक्ताओं को लगभग 40 लाख रुपये तक की राहत मिलने की संभावना है।

राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य लंबे समय से लंबित बिजली बिलों के समाधान के साथ-साथ उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत प्रदान करना है। अधिकारियों का मानना है कि योजना की लोकप्रियता को देखते हुए आगामी दिनों में पंजीयन संख्या में और अधिक वृद्धि होगी।

घर बैठे करें पंजीयन

योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता अपने मोबाइल फोन में ‘मोर बिजली’ एप डाउनलोड कर सकते हैं। एप खोलने पर दिखाई देने वाले योजना संबंधी विज्ञापन पर क्लिक कर उपभोक्ता क्रमांक, नाम, बिजली बिल की जानकारी तथा मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। पंजीयन पूर्ण होने के बाद आवेदन स्वीकार कर लिया जाएगा।

30 जून के बाद प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी तथा उपभोक्ता की श्रेणी एवं बकाया राशि के आधार पर मिलने वाली छूट का निर्धारण किया जाएगा।

राज्य सरकार ने सभी पात्र उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते पंजीयन कर योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!