जांजगीर-चांपा पुलिस की अभिनव पहल: तीन गांवों में महिला कमांडो टीम गठित, नशा मुक्ति और साइबर जागरूकता अभियान को मिलेगी नई मजबूती

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) की पहल पर जिले के बलौदा क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शुक्रवार को ग्राम डोंगरी में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान ग्राम कोरबी, डोंगरी एवं काटापाली की सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं को संगठित कर महिला कमांडो टीम का गठन किया गया।
यह पहल महिलाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा सामुदायिक जागरूकता के क्षेत्र में नेतृत्वकारी भूमिका प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। महिला कमांडो टीम गांव स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाकर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ प्रभावी भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिला कमांडो टीम न केवल नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान को गति देगी, बल्कि साइबर अपराधों से बचाव, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए भी सक्रिय रूप से कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभरी है। इन समस्याओं का प्रभावी समाधान तभी संभव है, जब पुलिस और आम जनता मिलकर कार्य करें। महिला कमांडो टीम के सदस्य अपने-अपने गांवों में लोगों को जागरूक करने, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने तथा महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति सजग बनाने का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा कानूनों और बाल संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही उन्हें समाज में जागरूकता अभियान चलाने और अन्य महिलाओं को भी इस मुहिम से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन तथा बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने नशा मुक्त, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।




