पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया का पामगढ़ में भव्य स्वागत, बिजली दर वृद्धि और जनहित के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा

पामगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में वृद्धि के विरोध में जिला मुख्यालयों में आयोजित प्रेसवार्ता कार्यक्रम के तहत पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया जांजगीर-चांपा जिले पहुंचे। पामगढ़ आगमन पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव हरप्रसाद साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी और पुष्पमालाओं के साथ उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया।
इस दौरान डॉ. डहरिया नगर के युवा पार्षद एवं कांग्रेस नेता आकाश यादव की मोबाइल दुकान पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. डहरिया ने कहा कि प्रदेश और देश का युवा वर्ग बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और अनिश्चित भविष्य की चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के सपनों को ठेस पहुंचाई है और सरकार युवाओं के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों से युवाओं में निराशा का माहौल बन रहा है।
पूर्व मंत्री ने किसानों की समस्याओं को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसान समय पर खाद और बीज नहीं मिलने से परेशान हैं तथा मजबूरी में निजी व्यापारियों से अधिक कीमत पर सामग्री खरीदने को विवश हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है और कृषि व्यवस्था अव्यवस्था का शिकार हो चुकी है।
डॉ. डहरिया ने ग्रामीण क्षेत्रों में आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि रेत की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के लिए मकान निर्माण को कठिन बना दिया है। उन्होंने प्रदेश में रेत माफिया के सक्रिय होने और उन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और आगे भी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव संदीप अग्रवाल, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री द्वारिका प्रसाद यादव, लव तिवारी, दिनेश थवाइत, राजा राम कश्यप, विजय यादव, उदल कश्यप, बरातू दास, प्रकाश सारथी, रूपेश कश्यप, अजय दिव्य, रामशंकर साहू, निखिल दिव्य, श्यामलाल कौशिक, सागर चेलकर, महेंद्र कुर्रे, इतवारी यादव, प्रितेश लहरे, मनमोहन कुर्रे, ओंकार रायसागर, संतराम साहू, मोहना कुर्रे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।




