कसडोलछत्तीसगढ़

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर एबीवीपी कसडोल का ‘युवा संगम’, विद्यार्थियों में जगाया राष्ट्र निर्माण का संकल्प

कसडोल। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कसडोल इकाई द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मोहतरा में “युवा संगम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक सोच का विकास करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री अमन ब्रिज नामदेव (प्रदेश सहमंत्री एवं विभाग संयोजक, एबीवीपी) तथा डॉ. वर्षा मिश्रा (प्राचार्य, इंदिरा देवी विद्यालय) उपस्थित रहीं। वहीं बलौदाबाजार विभाग संयोजक श्री उदित भारद्वाज, जिला संयोजक श्री मलय साहू एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री चूड़ामणि साहू की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बनाया।

अपने संबोधन में श्री अमन ब्रिज नामदेव ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल विद्यार्थियों की समस्याओं को उठाने वाला संगठन नहीं, बल्कि उनके स्थायी समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय भूमिका निभाती है।

डॉ. वर्षा मिश्रा ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में जब युवा वर्ग नशे और भटकाव जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब एबीवीपी युवाओं में राष्ट्रवाद, अनुशासन और सकारात्मक मूल्यों का निर्माण कर उन्हें सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से चरित्र निर्माण और राष्ट्रहित में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने दोनों वक्ताओं के विचारों को गंभीरता से सुना और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने संगठन की गतिविधियों, छात्रहित में किए जा रहे कार्यों एवं सामाजिक दायित्वों की भी विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम की सफलता में गौतम साहू, प्रमोद साहू, अमित केवट, केसरी नंदन निर्मलकर, तरुण दास मानिकपुरी, नवीन साहू, सुधांशु साहू, उज्जवल दीवान, राहुल राज सोनवानी, धनेश्वरी लहरी, लालनी साहू, पूजा वर्मा, ललित साहू सहित अनेक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!