छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपापामगढ़

स्वच्छ पंचायत–स्वस्थ ग्राम की ओर ग्राम पंचायत ससहा की पहल

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 के पालन हेतु जनजागरूकता अभियान शुरू

पामगढ़। ग्राम पंचायत ससहा, जनपद पंचायत पामगढ़, जिला जांजगीर-चाम्पा (छत्तीसगढ़) द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को घरों एवं आसपास से निकलने वाले कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे गीले, सूखे तथा अन्य प्रकार के कचरे को अलग-अलग डिब्बों में संग्रहित कर स्वच्छता अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

चार प्रकार के कचरे के पृथक्करण पर विशेष जोर दिया गया है —

• हरा डिब्बा: गीला कचरा जैसे सब्जियों एवं फलों के छिलके, पत्तियां, भोजन अवशेष आदि।

• नीला डिब्बा: सूखा कचरा जैसे कागज, प्लास्टिक, धातु, कांच एवं कपड़े आदि।

• लाल डिब्बा: सेनेटरी एवं हानिकारक कचरा जैसे सैनिटरी पैड, डायपर तथा मेडिकल वेस्ट आदि।

• पीला डिब्बा: ई-वेस्ट एवं खतरनाक कचरा जैसे बैटरी, बल्ब, ट्यूब लाइट, मोबाइल चार्जर आदि।

ग्राम पंचायत द्वारा सभी ग्रामीणों से आग्रह किया गया है कि वे “कचरा अलग करें, संसाधन बचाएं और पर्यावरण को सुरक्षित बनाएं” के संदेश को अपनाते हुए स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाएं। कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन से बीमारियों में कमी आएगी तथा गांव स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनेगा।

ग्राम पंचायत ससहा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं समग्र ग्राम विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा जनसहभागिता के माध्यम से आदर्श एवं स्वच्छ ग्राम के निर्माण की दिशा में सतत प्रयासरत है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!