डोंगाकोहरौद बस्ती सड़क निर्माण को 605.09 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति

ग्रामीणों के लंबे संघर्ष और जनदबाव के बाद शासन का बड़ा फैसला, 4.337 किमी सड़क निर्माण का रास्ता साफ
पामगढ़। पामगढ़ विकासखंड के ग्राम डोंगाकोहरौद बस्ती के ग्रामीणों के वर्षों पुराने सड़क निर्माण के संघर्ष को बड़ी सफलता मिली है। शासन ने पामगढ़-लाहौद मार्ग से डोंगाकोहरौद बस्ती तक 4.337 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण के लिए 605.09 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस स्वीकृति के साथ ही सड़क निर्माण का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है, जिससे क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
गौरतलब है कि जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने हाल ही में सड़क निर्माण की मांग को लेकर पांच दिनों तक आमरण अनशन किया था। आंदोलन के पांचवें दिन ग्रामीणों ने सुबह 10 बजे से लगभग 9 घंटे तक पामगढ़-शिवरीनारायण-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इस आंदोलन को पामगढ़ के व्यापारियों का भी व्यापक समर्थन मिला और नगर बंद रखा गया।
आंदोलन के दौरान जिला पंचायत सदस्य प्रीति अजय दिव्य भी ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठीं और सड़क निर्माण की मांग का समर्थन करते हुए आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद अपर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में आंदोलनकारियों के साथ बैठक हुई, जिसमें सड़क निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद आमरण अनशन और चक्काजाम समाप्त किया गया।
अब शासन द्वारा 605.09 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी होने से सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। सड़क बनने से डोंगाकोहरौद सहित आसपास के गांवों के हजारों लोगों को वर्षभर बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि परिवहन और दैनिक जीवन से जुड़ी आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
प्रशासकीय स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे अपने लंबे संघर्ष, एकजुटता और लोकतांत्रिक आंदोलन की जीत बताया है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रीति अजय दिव्य ने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण की स्वीकृति नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के धैर्य, संघर्ष और एकता की जीत है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा और वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा।




