छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा पुलिस का हरित संकल्प : सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर 150 पौधों का वृहद वृक्षारोपण

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

जांजगीर, 10 जुलाई 2026। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा पुलिस लाइन जांजगीर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के 150 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरियाली संवर्धन और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री उदयन बेहार, एसडीओपी अकलतरा श्री प्रदीप सोरी, नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी अजाक सतरूपा, रक्षित निरीक्षक श्री प्रदीप कुमार जोशी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया तथा उनके संरक्षण, नियमित देखभाल और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि “वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का साधन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं। आज लगाया गया प्रत्येक पौधा प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और भविष्य के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्रकृति के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व का सशक्त अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!