नवपदस्थ जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा

पीएम आवास निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
विकसित भारत-जी राम जी, स्वच्छ भारत मिशन और एनआरएलएम के कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
जांजगीर-चांपा, 14 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में नवपदस्थ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम ने मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विकसित भारत-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) सहित पंचायत विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी एवं प्रभारी उप संचालक पंचायत श्री बरनसिंह मण्डावी जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी, सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
जिला पंचायत सीईओ श्री पोयाम ने बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत एवं निर्माणाधीन आवासों की प्रगति, किस्तों के भुगतान तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर योजना का लाभ मिले तथा आवास निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने ग्राम पंचायतवार अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने, हितग्राहियों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा नियमित मैदानी निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लाभार्थियों से सतत संपर्क बनाए रखते हुए योजना के शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विकसित भारत जी राम जी के अंतर्गत निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, श्रमिकों की समय पर मजदूरी भुगतान, अधिक से अधिक जल संरक्षण कार्य प्रारंभ करने, शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण करने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों का नियमित स्थल निरीक्षण कर गुणवत्ता बनाए रखने कहा। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण एवं ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन (एसएलडब्ल्यूएम) कार्यों में तेजी लाने तथा ग्राम पंचायतों में स्वच्छता गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ ने एनआरएलएम के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने और जनपद स्तर पर आजीविका गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए है। उन्होंने जनपद पंचायत स्तर पर आजीविका ऋण मेले का आयोजन करने के निर्देश दिए, ताकि स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सके और उनके आजीविका गतिविधियों का विस्तार हो। जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।




