पामगढ़ चक्का जाम मामले में बड़ा खुलासा: सरपंच सहित 6 नामजद आरोपियों के नाम आए सामने

पामगढ़, 16 जुलाई। पामगढ़ के आंबेडकर चौक में सड़क निर्माण की मांग को लेकर किए गए चक्का जाम मामले में पुलिस ने अब 6 नामजद आरोपियों के नाम सार्वजनिक कर दिए हैं। थाना पामगढ़ में दर्ज एफआईआर में दुकालू भारद्वाज (सरपंच), मनीष बंजारे, मनीष कश्यप, अजय साहू, प्रेम साहू और लव पटेल को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनके अलावा चक्का जाम में शामिल अन्य महिलाओं एवं पुरुषों को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।
गौरतलब है कि 3 जुलाई 2026 को कुछ लोगों ने एकजुट होकर पामगढ़ के आंबेडकर चौक में मुख्य मार्ग पर चक्का जाम किया था। इससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ और आम नागरिकों, यात्रियों तथा आवश्यक सेवाओं के आवागमन में गंभीर परेशानी हुई थी।
थाना पामगढ़ पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा चक्का जाम में शामिल अन्य लोगों की पहचान और पतासाजी भी की जा रही है। सभी आरोपियों के मिलने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी मांग या समस्या के समाधान के लिए कानून को हाथ में न लें और सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने जैसे कृत्यों से बचें। किसी भी जनसमस्या को संबंधित विभाग या प्रशासन के समक्ष शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से उठाएं।



