छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

संभागायुक्त, कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत किया पौधरोपण

 

 

विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित प्रदर्शनी का अवलोकन कर रचनात्मकता एवं नवाचार की सराहना

अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भी किया निरीक्षण

जांजगीर-चांपा, 24 जुलाई 2026। पामगढ़ विकासखंड के ग्राम कुटराबोड़ स्थित डीएव्ही मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल परिसर में आज “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा जिलेवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने एवं लगाए गए पौधों के संरक्षण का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भी पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजना मानेस जांगड़े, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री रूपचंद साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रीति अजय दिव्य, कुटराबोड़ सरपंच श्री पुष्कर दिनकर, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, एसडीएम पामगढ़ श्री आर.के. तंबोली, जनपद पंचायत पामगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम.एस. कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके पश्चात संभागायुक्त श्री जैन ने कुटराबोड़ स्थित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!