पामगढ़ डबल मर्डर केस का खुलासा: 10 लाख रुपये के लेनदेन विवाद में दो लोगों की हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

शराब में सुहागा मिलाकर पिलाने का आरोप, पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य किए जब्त
जांजगीर-चांपा। थाना पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम कुटराबोड़ हेलीपैड के पास दो व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा करते हुए आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे, निवासी पनगांव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे 10 लाख रुपये के उधार लेनदेन का विवाद सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 की शाम जोहित खरे एवं रामखिलावन जांगड़े शराब पीने के बाद गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए बिलासपुर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को उनकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विषाक्त पदार्थ की आशंका सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज की।
जांच के दौरान मृतक जोहित खरे की बेटी मनीषा खरे ने पुलिस को बताया कि आरोपी राजा खरे ने उनके पिता से करीब चार माह पूर्व 10 लाख रुपये उधार लिए थे। रकम वापस करने के लिए दिए गए चेक बैंक में बाउंस हो गए थे। घटना के दिन भी पैसों की वापसी को लेकर बातचीत हुई थी।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उधारी की रकम लौटाने के दबाव से परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई। इसके तहत शराब खरीदी गई और कथित रूप से उसमें सुहागा मिलाकर जोहित खरे एवं रामखिलावन जांगड़े को पिलाया गया। शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल एवं सुहागा की पुड़िया जब्त की है। पुलिस ने मामले में आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
पुलिस की कार्रवाई मामले के खुलासे में साइबर तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के कथनों के विश्लेषण तथा घटनास्थल के पुनर्निर्माण की सहायता ली गई।
थाना पामगढ़ पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



