छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

चक्रवात अर्नब से प्रभावित फसलों एवं पशुधन हानि का शीघ्र सर्वेक्षण करने के निर्देश, कलेक्टर श्री महोबे ने ली बैठक

आरबीसी 6-4 के तहत पात्र किसानों को सहायता उपलब्ध कराने तथा विशेष ग्राम सभा में किसान पंजीयन एवं फसल विवरण का वाचन करने के निर्देश

  जांजगीर-चांपा, 31 अक्टूबर 2026। चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हुई वर्षा के कारण फसलों को हुए नुकसान एवं प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए की जा रही कार्रवाई की समीक्षा हेतु कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदारों, कृषि विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ निरीक्षण कर फसल क्षति का वास्तविक आकलन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रभावित किसानों को समय पर राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए शासन एवं कृषि विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि फसल क्षति का सही आकलन करते हुए निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप पात्र किसानों को आरबीसी 6-4 के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने एग्रीस्टेक अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकृत किसानों तथा डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से दर्ज फसल विवरण के सत्यापन के लिए 01 से 05 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम सभा में पंजीकृत कृषकों की सूची एवं उनके खसरों में दर्ज फसल विवरण का वाचन किया जाए। साथ ही धान विक्रय के लिए पंजीकृत किसानों एवं उनके खसरों की सूची का प्रकाशन ग्राम पंचायतों के सूचना पटल सहित प्रमुख स्थलों पर किया जाए।

विशेष ग्राम सभा में प्राप्त दावा-आपत्तियों को संबंधित समितियों में एकत्रित कर 06 से 10 नवंबर 2026 के मध्य उनका विधिवत निराकरण किया जाए। जिन प्रकरणों का समाधान कर संबंधित कृषकों को सूचित किया जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि किसानों के पंजीकृत खसरों में कोई खसरा छूट गया हो, तो समिति अथवा चॉइस सेंटर के माध्यम से अद्यतन बी-1 एवं आधार कार्ड तथा ओटीपी हेतु मोबाइल के साथ आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर छूटे हुए खसरों को फार्मर रजिस्ट्री में जोड़ा जाए। डिजिटल क्रॉप सर्वे में दर्ज फसल विवरण में त्रुटि पाए जाने पर निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार भौतिक सत्यापन कर सही फसल की प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए।

सभी राजस्व एवं संबंधित विभागों के अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर किसानों एवं पशुपालकों को शासन के प्रावधानों के अनुरूप राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर उपस्थित थे। सर्व एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!