दीपावली पर मिट्टी के दीये बेचने वाले कुम्हारों एवं ग्रामीण शिल्पकारों को विक्रय में न हो असुविधा, कलेक्टर ने जारी किया आदेश

किसी प्रकार की कर अथवा शुल्क अधिरोपित नहीं करने के निर्देश
कलेक्टर ने जिलेवासियों से मिट्टी के दीये एवं स्वदेशी उत्पादों की खरीद करने की अपील की
जांजगीर-चांपा, 5 नवम्बर 2026। स्थानीय कुम्हारों एवं ग्रामीण शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने तथा उनके स्वनिर्मित उत्पादों के विक्रय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जिले के समस्त नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि स्थानीय कुम्हारों एवं ग्रामीण शिल्पकारों द्वारा निर्मित मिट्टी के दीयों के विक्रय के लिए बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए। दीयों का विक्रय करने आने वाले कुम्हारों एवं ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो तथा उनके साथ सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। साथ ही उनसे किसी भी प्रकार का कर अथवा शुल्क नहीं लिया जाए। दीपावली पर्व के दौरान आयोजित होने वाले हाट-बाजारों एवं अन्य स्थानीय आयोजनों में मिट्टी के दीयों के विक्रय हेतु स्थानीय कुम्हारों एवं ग्रामीण शिल्पकारों को प्राथमिकता के आधार पर स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर श्री महोबे ने जिलेवासियों से दीपावली पर्व पर मिट्टी के दीयों का उपयोग करने तथा स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों की खरीद करने की अपील की है, ताकि स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन मिले और उनकी आजीविका को बढ़ावा मिल सके।




