छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

सरकार की किसान हितैषी नीतियों से रामसाय को मिला भरोसे का आधार

तुंहर टोकन मोबाइल ऐप से मिल रही घर बैठे टोकन की सुविधा – श्री रामसाय

जांजगीर-चांपा 22 नवंबर 2025/ पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में धान खरीदी का महापर्व सुगमता और पारदर्शिता के साथ मनाया जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में शासन की धान खरीदी का यह महोत्सव किसानों के चेहरों पर मुस्कान लेकर आया है। जिले के किसान नए उत्साह के साथ धान खरीदी केंद्रों में अपना धान बेचने पहुंच रहे हैं। किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिल रहा है। जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए बेहतर सुविधाएँ सुनिश्चित की गई हैं। खरौद निवासी किसान श्री रामसाय यादव धान विक्रय के लिए धान उपार्जन केंद्र खरौद पहुंचे। केंद्र में पहुँचते ही कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने उनका फूल-माला पहनाकर व श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। किसान श्री रामसाय ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार धान खरीदी की व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं बेहतर और अत्यंत सुविधाजनक है। उन्होंने बताया कि धान खरीदी से एक दिन पूर्व ही उन्होंने तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर लिया था। उन्होंने कहा कि पहले टोकन मिलने के लिए सोसायटी में घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ती थी, परंतु अब घर बैठे टोकन मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिली है।

कृषक श्री रामसाय यादव ने लगभग 15 क्विंटल धान विक्रय किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी कि पूरी प्रक्रिया को अत्यंत व्यवस्थित पाया। नमी मापने से लेकर बारदाना उपलब्ध कराने, धान भराई, तौल और पर्ची निर्गत करने तक हर कार्य समयबद्ध और सहज तरीके से पूरा हुआ। किसान श्री रामसाय ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी सीमा को किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि इन निर्णयों से खेती अब और आर्थिक रूप से सुदृढ़ हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!