राखी का बंधन, खुशियों का संसार: महतारी वंदन से बहनों को संबल अपार

बहनों की खुशहाली का उपहार, विष्णु भैया की सरकार – प्रेमलता राठौर के जीवन में आत्मनिर्भरता की नई राह
जांजगीर-चांपा, 26 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए निरंतर आर्थिक संबल का माध्यम बन रही है। योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी योगदान दे रही हैं और आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रही हैं।
जिले के ग्राम खोखरा निवासी श्रीमती प्रेमलता राठौर के जीवन में भी महतारी वंदन योजना खुशहाली और आत्मनिर्भरता का आधार बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग वे परिवार की दैनिक जरूरतों, राशन तथा अन्य घरेलू खर्चों को पूरा करने में करती हैं। इससे उन्हें अपनी छोटी-बड़ी आवश्यकताओं के लिए परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता और वे आत्मविश्वास के साथ अपनी जरूरतें पूरी कर पा रही हैं। श्रीमती प्रेमलता राठौर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान योजना से जुड़कर आटा चक्की का संचालन भी कर रही हैं। अपने मेहनत और हुनर से वे परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में योगदान दे रही हैं। महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का एक हिस्सा वे आटा चक्की की मरम्मत तथा आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में भी उपयोग करती हैं। इस तरह योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए केवल घरेलू जरूरतों को पूरा करने का माध्यम नहीं, बल्कि उनकी आजीविका को मजबूत करने और छोटे व्यवसाय को आगे बढ़ाने में भी मददगार साबित हो रही है।
श्रीमती प्रेमलता राठौर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि महतारी वंदन योजना ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का काम किया है। वे कहती हैं, हमारे विष्णु भैया अपनी बहनों की जरूरत को समझते हुए रक्षाबंधन के उपहार के रूप में त्यौहार से पहले ही पैसे दे दिए हैं। इससे हम अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार और अपने काम में भी सहयोग कर पा रहे हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर योजना से मिलने वाली सहायता महिलाओं के लिए आर्थिक संबल के साथ-साथ सम्मान और आत्मविश्वास का भाव भी लेकर आई है।




