जांजगीर-चांपा

कलेक्टर की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों की बैठक संपन्न द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में हुई चर्चा

जांजगीर-चांपा 2 जून 2023/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजनैतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 अर्हता तिथि 01 अक्टूबर 2023 कार्यक्रम एवं आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 हेतु ईव्हीएम व व्हीव्हीपीएटी मशीनों के प्रथम स्तरीय जांच के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2023 कार्यक्रम के तहत 25 मई 2023 से 23 जून 2023 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कार्य किया जा रहा है । मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण अंतर्गत 24 जून 2023 से 24 जुलाई 2023 तक मतदान केन्द्र भवन परिवर्तन, स्थल परिवर्तन का कार्य किया जाएगा। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 2 अगस्त 2023 को किया जाएगा। प्रत्येक मतदान केन्द्र में 2 अगस्त 2023 से 31 अगस्त 2023 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, मतदाता सूची से नाम विलोपन कराने एवं संशोधन हेतु दावा आपत्ति प्राप्त किया जाएगा। शासकीय अवकाश 12, 13,19 एवं 20 अगस्त 2023 को मतदान केन्द्रों में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्राप्त दावा आपत्तियों का निराकरण 22 सितम्बर 2023 तक कर लिया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 अक्टूबर 2023 को किया जाएगा।

बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी विधानसभा आम निर्वाचन हेतु ईव्हीएम एवं वीवीपैट का प्रथम स्तरीय जांच का कार्य 10 जून 2023 से 27 जून 2023 तक ईसीआईएल हैदराबाद के इंजीनियरों द्वारा किया जाएगा। राजनीतिक दलों के पदाधिकारी या उनके द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि एफएलसी हॉल में निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर कार्यों का अवलोकन कर सकते हैं। कलेक्टर ने राजीनीतिक दलों के पदाधिकारियों को ईव्हीएम-व्हीव्हीपीएटी मशीनों के प्रथम स्तरीय जांच के दौरान उपस्थित रहते हुए अपने पदाधिकारी, अधिकृत प्रतिनिधियों के आईडी कार्ड बनाये जाने हेतु वांछित जानकारी (नाम, पिता/पति का नाम, पदनाम, पता, मोबाईल नंबर एवं फोटो) इस कार्यालय को 5 जून 2023 तक अनिवार्यतः उपलब्ध करायें जाने कहा ताकि समय-सीमा के भीतर आईडी कार्ड जारी कर आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एफएलसी कार्य सफलतापूर्वक संपादित किया जा सकें। बैठक में जिला उपनिर्वाचन अधिकारी श्रीमती निशा नेताम मड़ावी सहित राजनैतिक दलों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
× Click to send News