छत्तीसगढ़पामगढ़

आशा कर्मियों का छत्तीसगढ़ प्रदेश अधिवेशन सम्पन्न वेतन, सामाजिक सुरक्षा व अन्य मांगों को लेकर पारित हुए 10 प्रमुख प्रस्ताव

भारतीय मजदूर संघ ने कहा: आशा कर्मियों को उनका हक दिलाना है हमारी गारंटी

पामगढ़, 17 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य कार्यकर्ता मितानीन संघ (भारतीय मजदूर संघ) का त्रैवार्षिक अधिवेशन पामगढ़ स्थित सद्भावना भवन में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आशा यूनियन की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया। अधिवेशन में आशा कर्मियों के लिए न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, दुर्घटना बीमा, रिटायरमेंट लाभ सहित 10 महत्वपूर्ण मांगों को लेकर प्रस्ताव पारित किए गए।

मुख्य अतिथि श्रीमती गीता कटरे (अध्यक्ष, अखिल भारतीय आशा फेडरेशन) ने कहा कि देश की स्वास्थ्य रीति-नीति में आशा कर्मियों की भूमिका रीढ़ की हड्डी जैसी है, परंतु आज भी उन्हें उचित वेतन और सुरक्षा नहीं मिल रही है। उन्होंने सभी आशा कर्मियों से एकजुट होकर सरकार के समक्ष अपने अधिकारों के लिए संगठित संघर्ष करने का आह्वान किया।

भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के महामंत्री दिनेश पांडेय ने मंच से संकल्प लिया कि संघ हर स्तर पर आशा कर्मियों की लड़ाई लड़ेगा और उन्हें उनका पूर्ण हक दिलाना हमारी गारंटी है।

इस अधिवेशन में निम्न 10 प्रमुख मांगों पर प्रस्ताव पारित किए गए – 

  •  आशा वर्कर्स को ₹18,000, आशा फेसिलिटेटर को ₹24,000 व को-ऑर्डिनेटर को ₹30,000 मासिक वेतन।
  •  सभी आशा कर्मियों को EPF, ESI व पेंशन सुविधा में शामिल करना।
  •  कार्य के दौरान मृत्यु/दुर्घटना होने पर ₹5 लाख मुआवजा।
  • सेवा निवृत्ति पर ₹10 लाख रिटायरमेंट बेनिफिट। अनुभवी आशा कर्मियों को टीकाकरण प्रशिक्षण।
  •  उम्र सीमा हटाकर पदोन्नति का अवसर।
  • साल में दो बार यूनिफॉर्म या ड्रेस कोड राशि।
  • चिकित्सालयों में विश्राम स्थल की व्यवस्था।
  •  यात्रा विवरण पर यात्रा भत्ता।
  •  “प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन” योजना की उम्र सीमा 60 वर्ष तक बढ़ाई जाए।

नई कार्यकारिणी में होमेश्वरी बेहरा को प्रदेश अध्यक्ष, संगीता रात्रे को महामंत्री और रंजना टंडन को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। साथ ही संतोषी साहू, इंदिरा जांगड़े, हीरामणि राजवाड़े, गीता चौहान, हिमेश्वरी वर्मा, जनक नायक, रजनी पंकज सहित विभिन्न पदों पर राज्यभर से आशा कर्मियों को मनोनीत किया गया।

कार्यक्रम में 500 से अधिक आशा कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। संचालन गिरिजा आचार्य (मीडिया प्रमुख, भारतीय मजदूर संघ) ने किया एवं समापन व आभार प्रदर्शन नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष होमेश्वरी बेहरा द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!