संविधान दिवस पर छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली, डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को दी श्रद्धांजलि

पामगढ़, 26 नवंबर 25। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई विद्या निकेतन उ. माध्यमिक विद्यालय पामगढ़ एवं ड्रीमलैंड पब्लिक स्कूल पामगढ़ के संयुक्त तत्वाधान में 26 नवंबर 2025 को “संविधान दिवस” के अवसर पर एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ विद्यालय परिसर से होकर तहसील चौक होते हुए अंबेडकर चौक तक किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जी को स्मरण करते हुए समाज में भारतीय संविधान के महत्व का संदेश दिया।
रैली के पश्चात समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों द्वारा भारतीय संविधान की उद्देशिका का वाचन कर शपथ ली गई। इसके साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना एवं विद्यालय परिवार के बच्चों हेतु एक संगोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर चर्चा की गई। इस अवसर पर 26/11 मुंबई हमले के शहीदों की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की गई और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस भव्य कार्यक्रम का संचालन विद्यालय संचालक आदरणीय नरेंद्र कुमार पांडे, अशोक कुमार मिरे (प्राचार्य, विद्या निकेतन), दीपक प्रधान (प्राचार्य, ड्रीमलैंड स्कूल), अखिल शुक्ला (विभाग प्रमुख), अर्जुन लाल यादव (उपप्राचार्य), वीरेंद्र कुमार खुटे (रासेयो कार्यक्रम अधिकारी), नेहा खरे, सुरेश साहू, अंकित तिवारी, संजना साहू (रासेयो सह-कार्यक्रम अधिकारी) एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




