
महेंद्र सिंह राय मस्तूरी, 14 जनवरी 26। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा भोला राम साहू को मस्तूरी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। इस नियुक्ति से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ गांवों के युवाओं में भी खासा जोश और ऊर्जा देखने को मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि भोला राम साहू वर्तमान में ग्राम पंचायत केवटाडीह टांगर के लोकप्रिय एवं निर्विरोध निर्वाचित सरपंच हैं। सरपंच पद पर रहते हुए उन्होंने पंचायत स्तर पर सक्रिय, जनहितैषी और संगठनात्मक भूमिका निभाई है। उनके कार्यों और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए पार्टी संगठन ने उन पर भरोसा जताते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भोला राम साहू को बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ दीं। कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में मस्तूरी ब्लॉक में कांग्रेस संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत होगी।
इस अवसर पर नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष भोला राम साहू ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, प्रदेश कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरेंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने और आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का संकल्प भी दोहराया।




