छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ विधानसभारायपुर

बजट 2026–27 : महिला सशक्तिकरण, किसान, युवा, स्वास्थ्य और बस्तर विकास पर सरकार का बड़ा फोकस

रायपुर। आज विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2026–27 का राज्य बजट प्रस्तुत किया। यह बजट समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आर्थिक मजबूती के स्पष्ट विजन के साथ पेश किया गया है। बजट में महिलाओं, किसानों, युवाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और बस्तर–सरगुजा अंचल के विकास को प्राथमिकता दी गई है।

महिला सशक्तिकरण को ऐतिहासिक बढ़ावा

बजट में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए महिलाओं के नाम अचल संपत्ति क्रय पर पंजीयन (रजिस्ट्री) शुल्क में 50 प्रतिशत छूट की घोषणा की गई है, जो आगामी वित्तीय वर्ष से लागू होगी।

इसके साथ ही महतारी वंदन योजना के लिए 8,200 करोड़ रुपये, आंगनवाड़ी एवं पोषण योजनाओं के लिए 2,320 करोड़ रुपये तथा 250 महतारी सदनों के निर्माण हेतु 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए रानी दुर्गावती योजना की भी शुरुआत की गई है।

किसानों के हित में मजबूत बजट

राज्य सरकार ने किसानों को राहत देते हुए कृषक उन्नति योजना के लिए 10,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

धान खरीदी के लिए 6,000 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए 820 करोड़ रुपये तथा डेयरी विकास योजना के लिए 90 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और कृषि को आत्मनिर्भर बनाना है।

युवाओं के भविष्य को नई दिशा

बजट 2026–27 में युवाओं के लिए CG-ACE योजना शुरू की गई है, जिसके अंतर्गत NEET, JEE, CLAT, UPSC, CGPSC, बैंकिंग और SSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सहायता दी जाएगी।

रायपुर में मेगा परीक्षा केंद्र की स्थापना हेतु 25 करोड़ रुपये तथा नालंदा पुस्तकालयों में करियर काउंसलिंग केंद्र खोलने का भी प्रावधान किया गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार

राज्य सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान योजना हेतु 1,500 करोड़ रुपये तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

दंतेवाड़ा, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, कुनकुरी सहित कई जिलों में नए मेडिकल कॉलेज, रायपुर में एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट और राज्य के पहले होम्योपैथी कॉलेज की स्थापना की घोषणा की गई है।

बस्तर–सरगुजा अंचल पर विशेष फोकस

बजट में बस्तर और सरगुजा के समग्र विकास के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। बस्तर–सरगुजा ओलंपिक के लिए 10 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री बस सेवा योजना के लिए 10 करोड़ रुपये तथा अतिरिक्त पोषण सहायता के लिए 15 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

बीजापुर में प्रयास आवासीय विद्यालय, 1,500 नए बस्तर फाइटर्स के पद और नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

सुशासन के पंच सूत्रों पर आधारित बजट

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने वक्तव्य में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में यह बजट नीति, न्याय, निवेश, निर्माण और नवाचार—इन पंच तत्वों पर आधारित है। यह बजट छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!