पामगढ़ कॉलेज में विश्व गौरैया दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पामगढ़। विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर चैतन्य साइंस एंड आर्ट्स ऑटोनॉमस कॉलेज, पामगढ़ में वानिकी (Forestry) एवं प्राणीशास्त्र (Zoology) विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
इस दौरान महाविद्यालय परिसर के एक शांत स्थान पर गौरैया एवं अन्य पक्षियों के संरक्षण के उद्देश्य से “सकोरा” (मिट्टी के बर्तन) में पानी एवं चावल के दाने रखे गए। इस पहल को पक्षियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने गौरैया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पक्षी पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों को अपने आसपास पक्षियों के संरक्षण हेतु छोटे-छोटे प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया, जैसे पानी के बर्तन रखना, दाना डालना एवं उनके आवास को सुरक्षित रखना।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री भगवती साहू (सहायक प्राध्यापक, प्राणीशास्त्र) एवं श्री आकाश कश्यप (सहायक प्राध्यापक, वानिकी) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के निदेशक श्री वीरेंद्र तिवारी एवं प्राचार्य डॉ. वी. के. गुप्ता ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में पर्यावरणीय जागरूकता के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन पर जोर दिया।
महाविद्यालय द्वारा eBirds प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी पक्षी संरक्षण की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिसमें छात्र-छात्राओं ने परिसर में 48 विभिन्न पक्षी प्रजातियों की पहचान की है।
कार्यक्रम ने गौरैया संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति महाविद्यालय की प्रतिबद्धता को भी दर्शाया।




