
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। सरकार ने 20 अप्रैल से स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है, ताकि तेज गर्मी के प्रभाव से बच्चों को बचाया जा सके।
साथ ही, महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में भी बदलाव किया है। जारी आदेश के अनुसार अब आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 7 बजे से 11 बजे तक ही संचालित होंगे। पहले इनका समय लगभग 6 घंटे का होता था, जिसे घटाकर 4 घंटे कर दिया गया है।
सरकार का यह कदम छोटे बच्चों को लू और तेज धूप से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें, उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाएं और ठंडी व सुरक्षित वातावरण में रखें।

राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन लगातार सतर्क है और जरूरत के अनुसार आगे भी जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं।




