
रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। मुंबई और ओडिशा में छापेमारी के बाद पुलिस ने इस नेटवर्क के कथित मास्टरमाइंड बाबू खेमानी को मुंबई के एक होटल से गिरफ्तार किया है। आरोपी आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित करते हुए पकड़ा गया। पुलिस टीम उसे और उसके एक सहयोगी को रायपुर लेकर रवाना हो चुकी है, जहां पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बाबू खेमानी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर के रूप में सक्रिय था, लेकिन इसके जरिए वह ऑनलाइन सट्टेबाजी के अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह “3 Stump” नामक सट्टा एप से जुड़ा हुआ है और इसके संचालन में उसकी मुख्य भूमिका बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी के तार विदेश, विशेष रूप से दुबई से भी जुड़े हो सकते हैं। वह हाल ही में आईपीएल शुरू होने से पहले दुबई से लौटा था। पुलिस को संदेह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस नेटवर्क की कड़ियां फैली हुई हैं। बाबू की निशानदेही पर नागपुर से भी कुछ अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
जांच के दौरान “रेड्डी अन्ना बुक” जैसे पैनल का नाम भी सामने आया है, जिसके संबंध पहले से चर्चित महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप से जुड़े बताए जा रहे हैं। इस मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियां भी कर रही हैं।
इससे पहले क्राइम ब्रांच ने ओडिशा और महाराष्ट्र में एक साथ कार्रवाई करते हुए 20 सटोरियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से 82 मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप और करीब 60 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। इन उपकरणों के माध्यम से विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सट्टेबाजी का संचालन किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।




