जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा के निर्देश पर आत्मानंद स्कूल में जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

पामगढ़। जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा के निर्देशानुसार नगर पंचायत पामगढ़ एवं नगर पंचायत रहौद के तत्वावधान में जनगणना कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 20, 21 एवं 22 अप्रैल को आत्मानंद स्कूल में किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य से संबंधित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान जनगणना की प्रक्रिया, आंकड़ा संकलन की विधि, प्रपत्रों के समुचित संधारण एवं डिजिटल माध्यमों के उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना कार्य के दौरान आवश्यक सावधानियों, त्रुटि निवारण एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उपायों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया, जिससे जनगणना कार्य को त्रुटिरहित एवं समयबद्ध तरीके से संपादित किया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की सतत निगरानी की जा रही है तथा सभी संबंधितों को प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ लेते हुए जनगणना कार्य को गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए गए हैं।




