
पामगढ़। पामगढ़ क्षेत्र में इन दिनों पेट्रोल की किल्लत से हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में संचालित चार पेट्रोल पंपों में से तीन पंपों पर पेट्रोल पूरी तरह समाप्त हो चुका है, जबकि केवल एक पेट्रोल पंप पर ही पेट्रोल उपलब्ध है। इसी कारण उक्त पंप पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
सीजी खबरब24 की टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में दोपहिया एवं चारपहिया वाहन पेट्रोल भरवाने के लिए कतार में खड़े हैं। कई वाहन चालक घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। पंप परिसर में इतनी भीड़ है कि लोगों को अपनी बारी का इंतजार करने में काफी परेशानी हो रही है।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पेट्रोल की कमी के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। कामकाज पर जाने वाले लोग, किसान एवं छोटे व्यापारी विशेष रूप से परेशान नजर आए। कई वाहन चालक पेट्रोल खत्म होने के डर से जल्द से जल्द टंकी फुल कराने की कोशिश करते दिखे, जिससे भीड़ और बढ़ गई।
स्थिति को देखते हुए आमजन में चिंता का माहौल है। यदि जल्द ही अन्य पेट्रोल पंपों पर भी आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।




