
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) में बड़ी राजनीतिक फूट की खबर सामने आ रही है। दावों के अनुसार, पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल सहित कई नेता भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो सकते हैं।
राघव चड्ढा ने कथित तौर पर पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि AAP अपने मूल उद्देश्यों और भ्रष्टाचार विरोधी सिद्धांतों से भटक चुकी है और अब “समझौता करने वाले लोगों” के हाथ में चली गई है।
चड्ढा ने यह भी दावा किया है कि राज्यसभा में AAP के कुल 10 सांसदों में से दो-तिहाई से अधिक उनके साथ हैं। उनके अनुसार, इस संबंध में आवश्यक हस्ताक्षर किए जा चुके हैं और दस्तावेज राज्यसभा के सभापति को सौंप दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को उन्होंने “खून-पसीने से सींचा”, वही अब अपने नैतिक मूल्यों से दूर हो गई है और देशहित के बजाय निजी हितों को प्राथमिकता दे रही है। चड्ढा के अनुसार, वे लंबे समय से खुद को “गलत पार्टी में सही व्यक्ति” महसूस कर रहे थे, जिसके चलते उन्होंने अलग राह चुनने का निर्णय लिया।
संदीप पाठक ने भी पार्टी से अलग होने की बात कही है। उनका कहना है कि उन्होंने वर्षों तक ईमानदारी से पार्टी के लिए काम किया, लेकिन अब वे देशहित में नया निर्णय ले रहे हैं।
दावों के मुताबिक, राघव चड्ढा के साथ आने वाले सांसदों में विक्रमजीत सिंह साहनी, राजेंद्र गुप्ता, स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह और अशोक मित्तल के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक आम आदमी पार्टी या संबंधित नेताओं की ओर से आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।




