कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक

लंबित प्रकरणों का करें निर्धारित समय सीमा के भीतर निराकरण
सुशासन तिहार व राजस्व पखवाड़ा की तैयारी, शिविरों में मौके पर समाधान सुनिश्चित करने निर्देश
शासकीय भूमि संरक्षण, अतिक्रमण हटाने,रिकॉर्ड त्रुटि सुधार अभियान तेज करने के निर्देश
अवैध प्लाटिंग, अवैध रेत में सख्ती बरतने के निर्देश
जांजगीर-चांपा 25 अप्रैल 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले के राजस्व अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण, राजस्व अभिलेखों के अद्यतन, जनगणना 2027 तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर गहन चर्चा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार एवं 4 मई से 18 मई तक राजस्व पखवाड़ा आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें।बैठक में शासकीय भूमि के संरक्षण, चिन्हांकन एवं अतिक्रमण मुक्ति के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सभी शासकीय भूमि का राजस्व अभिलेखों के आधार पर भौतिक सत्यापन कर सीमांकन किया जाए तथा अतिक्रमण की सूची बनाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।कलेक्टर ने अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि अवैध रेत परिवहन, अवैध प्लाटिंग एवं अवैध निर्माण के मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही आरबीसी 6-4 के प्रकरणों का ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से निराकरण करने की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, नक्शा बंटाकन, रिकॉर्ड दुरुस्तीकरण, व्यपवर्तन एवं त्रुटि सुधार जैसे प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-कोर्ट में लंबित प्रकरणों, भू-अर्जन मामलों, मुआवजा भुगतान की समीक्षा की।इसके अलावा कलेक्टर ने एग्रीस्टैक परियोजना (डिजिटल क्रॉप सर्वे, जियो-रेफरेंसिंग), आधार सीडिंग, डिजिटल हस्ताक्षरित खसरा एवं राजस्व अभिलेखों के डिजिटलीकरण की प्रगति तेज करने के निर्देश दिए। लोक सेवा गारंटी, शिकायत शाखा, टीएल प्रकरण के समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




