छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

कलेक्टर ने ली जिला जल एवं स्वच्छता मिशन समिति की बैठक

जल जीवन मिशन के कार्यों की गहन समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारी गंभीरतापूर्वक करें कार्य, नियमित करे फील्ड विजीट: कलेक्टर

जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण को बढ़ावा देने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 27 मई 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरट कार्यालय सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन समिति की बैठक लेकर जिले में संचालित जल जीवन मिशन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन योजना ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधारने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक ग्राम तक स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल एवं समन्वय के साथ कार्य करने कहा।

बैठक में उन्होंने ग्राम पंचायतों के सरपंचों से गांवों में जल जीवन मिशन की वास्तविक स्थिति, घरों तक पेयजल पहुंच, पानी सप्लाई का समय तथा हितग्राहियों से लिए जा रहे शुल्क की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक नियमित एवं पर्याप्त पेयजल पहुंच सुनिश्चित करना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सरपंचों से कहा कि हितग्राहियों से प्राप्त शुल्क राशि का उपयोग योजना के रखरखाव, मरम्मत कार्य एवं बिजली बिल भुगतान जैसे आवश्यक कार्यों में पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि योजनाएं सतत रूप से संचालित होती रहें। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में हितग्राहियों द्वारा विद्युत मोटर पंप के उपयोग पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोटर पंप के उपयोग के कारण अन्य परिवारों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता, इसके लिए स्थानीय निवासियों को जागरूक एवं प्रेरित करने के साथ-साथ अनियमित तरीके से मोटर पंप उपयोग करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण करने तथा जिन परिवारों को पेयजल नहीं मिल रहा है, उनके कारणों की पहचान कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने स्कूलों, छात्रावासों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने बच्चों एवं महिलाओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुधार कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जल संरक्षण को लेकर कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इसके लिए गांव-गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा सोख्ता गड्ढा, वाटर रिचार्ज संरचना एवं रेनवाटर हार्वेस्टिंग निर्माण को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही अधिक से अधिक वृक्षारोपण अभियान चलाने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जल जीवन मिशन अंतर्गत अपूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जो ठेकेदार समय पर कार्य प्रारंभ नहीं कर रहे हैं अथवा कार्यों में अनावश्यक विलंब कर रहे हैं, उनका एग्रीमेंट निरस्त कर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने कहा कि पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कार्यपालन अभियंता श्री आदित्य प्रताप, सरपंचगण सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!