
बिलासपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर बिलासपुर में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस और NSUI के कई प्रमुख नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा सहित अन्य नेताओं को नामजद किया है।
पुलिस के अनुसार 3 जून को NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने के उद्देश्य से निकले थे। प्रदर्शनकारियों को बंगले तक पहुंचने से रोके जाने के बाद वे कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ गए। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के एकत्र होने से यातायात प्रभावित हुआ और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका उत्पन्न हुई।

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने अवैध रूप से रास्ता बाधित किया तथा बलवा जैसी स्थिति निर्मित की। इसी आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 190, 191(2), 292 और 293 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस और NSUI द्वारा यह प्रदर्शन आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र एवं कार्यकर्ता शामिल हुए थे। एफआईआर दर्ज होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा और हलचल तेज हो गई है।




