छत्तीसगढ़धमतरी

धमतरी में थाना प्रभारी और युवक के बीच बहस का वीडियो वायरल, एसपी ने दिए जांच के निर्देश

धमतरी। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी और एक युवक के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहा है, जबकि पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम मुजगहन के पास की बताई जा रही है। बीती रात करीब डेढ़ बजे एक युवक अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मोटरसाइकिल से आमदी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रात्रि गश्त पर तैनात पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि वाहन की स्थिति और दस्तावेजों को लेकर कुछ संदेह उत्पन्न हुआ, जिसके चलते पूछताछ की गई। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद और बहस की स्थिति बन गई।

वायरल वीडियो में युवक पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप लगाता नजर आ रहा है। वहीं पुलिस अधिकारियों का दावा है कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान और उसके निवास संबंधी जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह आमदी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस मार्ग पर यह घटना हुई, वहां पूर्व में लूटपाट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से देर रात वाहन जांच और पूछताछ की कार्रवाई की जा रही थी।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने जारी किया शोकॉज नोटिस

धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बताया कि घटना से जुड़े दो अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में युवक अपनी बात रखता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में युवक पुलिसकर्मियों के साथ बहस और उकसावे की स्थिति में नजर आ रहा है। पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए संबंधित पुलिस कर्मियों को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है तथा विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!