पामगढ़ के 150 मेधावी विद्यार्थियों का प्रतिभा सम्मान, नगर टॉपर प्रज्ञा साहू को मिला लैपटॉप
ड्रीमलैंड पब्लिक स्कूल एवं विद्या निकेतन विद्यालय में प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन

पामगढ़। अंचल के प्रतिष्ठित एवं विगत 26 वर्षों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे शिक्षण संस्थान विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय पामगढ़ एवं ड्रीमलैंड पब्लिक स्कूल पामगढ़ में बुधवार, 10 जून 2026 को “प्रतिभा सम्मान समारोह-2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 85 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को दुर्गा प्रसाद पाण्डेय मेमोरियल अवार्ड के अंतर्गत सम्मानित किया गया।
समारोह में कुल 150 विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान किया गया। साथ ही प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी “केशव प्रसाद पाण्डेय कन्या शिक्षा योजना” के तहत पांच बालिकाओं को कक्षा 9वीं से 12वीं तक की निःशुल्क शिक्षा हेतु गोद लिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ड्रीमलैंड पब्लिक स्कूल पामगढ़ की छात्रा कुमारी प्रज्ञा साहू रहीं, जिन्होंने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में 94.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पामगढ़ नगर क्षेत्र में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले गणित शिक्षक मेहुल पाण्डेय को भी विशेष रूप से सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जे.के. जैन (पूर्व कुलसचिव, पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय, बिलासपुर) एवं डॉ. चंद्रशेखर खरे (वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती सुधा पाण्डेय (अध्यक्ष, मईनका माई शिक्षण समिति, पामगढ़) ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री नरेंद्र कुमार पाण्डेय (संचालक, विद्या निकेतन एवं ड्रीमलैंड पब्लिक स्कूल पामगढ़), श्रीमती रश्मि पाण्डेय (कोषाध्यक्ष, मईनका माई शिक्षण समिति) तथा श्री अनुराग पाण्डेय (सदस्य, मईनका माई शिक्षण समिति) उपस्थित रहे।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में डॉ. चंद्रशेखर खरे ने विद्यार्थियों को मौसम एवं पर्यावरण संबंधी जानकारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बदलते मौसम चक्र को समझना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह हमें प्राकृतिक परिस्थितियों एवं आपदाओं से सुरक्षित रहने में सहायता करता है।
वहीं डॉ. जे.के. जैन ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों एवं अवसरों से अवगत कराते हुए कहा कि 12वीं के बाद विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप सही करियर का चयन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उचित लक्ष्य निर्धारण और समर्पित प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में हिंदी माध्यम प्राचार्य अशोक कुमार मिरे, अंग्रेजी माध्यम प्राचार्य दीपक कुमार प्रधान, विभाग प्रमुख अखिल शुक्ला सहित समस्त विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा। अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।




