छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

सामुदायिक पुलिसिंग की अनूठी पहल : घोघरानाला और बिर्रा में जांजगीर पुलिस ने जगाई कानूनी चेतना

CSP योगिताबाली खापर्डे एवं DSP सतरूपा तारम के नेतृत्व में जागरूकता अभियान, स्कूली बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों को दी नवीन कानूनों एवं साइबर सुरक्षा की जानकारी 

जांजगीर चांपा। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय, IPS के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को नवीन कानूनों, साइबर सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक बनाना था।

CSP जांजगीर श्रीमती योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में थाना चांपा क्षेत्र के घोघरानाला में तथा DSP अजाक श्रीमती सतरूपा तारम के नेतृत्व में ग्राम बिर्रा में आयोजित वार्षिक मेले के दौरान विशेष जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं, महिलाओं एवं ग्रामीणों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।

नई न्याय संहिताओं की दी गई सरल एवं उपयोगी जानकारी पुलिस अधिकारियों ने आमजन को देश में लागू तीन नई आपराधिक न्याय संहिताओं के बारे में सरल भाषा में जानकारी प्रदान की। बताया गया कि – भारतीय न्याय संहिता (BNS) – भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) – भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के लागू होने से न्याय व्यवस्था अधिक सरल, पारदर्शी, तकनीक आधारित एवं त्वरित हुई है।

एफआईआर से जुड़े महत्वपूर्ण अधिकारों से कराया अवगत कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जानकारी दी गई। विशेष रूप से बताया गया कि – ई-एफआईआर: अब कई मामलों में थाने पहुंचे बिना ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। – जीरो एफआईआर: घटना किसी भी थाना क्षेत्र की हो, शिकायत किसी भी थाने में दर्ज कराई जा सकती है। – डिजिटल बयान: गवाहों के बयान डिजिटल माध्यम से दर्ज किए जाने की व्यवस्था से अनावश्यक परेशानी कम होगी।

साइबर अपराधों से बचाव के बताए व्यावहारिक उपाय बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए अधिकारियों ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया धोखाधड़ी एवं डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपायों की जानकारी दी। नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर विश्वास न करें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

नशामुक्त समाज निर्माण का लिया संकल्प

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने समाज को नशामुक्त, सुरक्षित और जागरूक बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया।

जनभागीदारी से सफल हुआ अभियान

इस अवसर पर शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने जांजगीर-चांपा पुलिस की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

CSP योगिताबाली खापर्डे का संदेश

“सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता और अखंडता का सूत्र प्रदान किया। हमारा प्रयास है कि समाज का प्रत्येक नागरिक कानून की जानकारी से सशक्त बने, अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहे तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास का संबंध और अधिक मजबूत हो। सामुदायिक पुलिसिंग ही सुरक्षित, जागरूक और उत्तरदायी समाज की आधारशिला है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!