छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपापामगढ़

आवास प्लस 2.0 सूची में पात्र परिवारों के नाम शामिल होने से ग्रामीणों में खुशी, विशेष ग्राम सभा में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी

पामगढ़, 24 जून 2026। जनपद पंचायत पामगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत ससहा में बुधवार को ग्राम पंचायत भवन में विशेष ग्राम सभा का आयोजन सरपंच श्रीमती कुसुम साहू की अध्यक्षता में प्रातः 10:05 बजे से संपन्न हुआ। ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए पंचायत एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की तथा आवश्यक प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।

विशेष ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण में पात्र परिवारों की स्थायी प्रतीक्षा सूची (पीडब्ल्यूएल) तैयार कर उसके अनुमोदन एवं दावा-आपत्ति प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। पात्र परिवारों के नाम सूची में शामिल होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला। ग्रामीणों ने इसे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंचने का सकारात्मक संकेत बताया।

ग्राम सभा में पूर्व में पारित संकल्पों के क्रियान्वयन प्रतिवेदन, ग्राम पंचायत की विगत तिमाही आय-व्यय की समीक्षा एवं अनुमोदन, विभिन्न योजनाओं के स्वीकृत कार्यों की अद्यतन स्थिति, पंचायत के लेखा-हिसाब एवं बकाया राशि का वाचन तथा कर आरोपण एवं संपत्ति कर निर्धारण की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई।

बैठक में विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G RAM G) योजना की कार्ययोजना, पंचायत उन्नति सूचकांक (PDI) 2.0 के परिणामों की समीक्षा, ग्राम संपदा पोर्टल में स्थायी संपत्तियों के पंजीयन, तालाब, बाजार एवं दुकानों के पट्टा एवं नीलामी संबंधी विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इसके अतिरिक्त सड़कों पर आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम, विवादित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरण, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, जरूरतमंद व्यक्तियों को प्रदान की गई सहायता, जॉब कार्ड डिलीट एवं संशोधन संबंधी प्रकरणों तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन वर्ष 2026 की कार्ययोजना पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

बरसात के मद्देनजर स्वच्छता अभियान, नाली सफाई, जल निकासी व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक कार्यों के संबंध में ग्रामीणों से सुझाव प्राप्त किए गए तथा समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान एवं बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया गया।

विशेष ग्राम सभा में लिए गए सभी निर्णयों का विधिवत संकल्प तैयार कर संबंधित पोर्टलों में प्रविष्टि करते हुए आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने का निर्णय लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!