छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

मानवता, सेवा और संवेदना का जीवंत केंद्र है सोठी आश्रम : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री श्री साय ने भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम में सेवा, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास कार्यों का किया अवलोकन

सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की

जांजगीर-चांपा 2 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज जांजगीर-चांपा जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम पहुँचे। आश्रम आगमन पर संस्था के पदाधिकारियों एवं आश्रमवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आश्रम प्रमुख श्री सुधीर देव से संस्था की सेवा गतिविधियों, चिकित्सा सुविधाओं तथा पुनर्वास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आश्रम द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम केवल एक सेवा संस्थान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और समर्पण का जीवंत केंद्र है। यहाँ वर्षों से समाज के उपेक्षित और जरूरतमंद लोगों की गरिमा के साथ सेवा की जा रही है, जो भारतीय संस्कृति के ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के आदर्श को साकार करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान समाज में संवेदनशीलता, सेवा और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रेरणादायी कार्य कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित भगवान श्री सिद्धि विनायक मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके सेवा भाव को नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आश्रम के लिए नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह एम्बुलेंस आश्रमवासियों एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आश्रम परिसर का भ्रमण कर सेवा, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने आश्रमवासियों से आत्मीय भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें उपहार भी भेंट किए। इस दौरान उन्होंने गौशाला में गौमाता की पूजा-अर्चना कर हरा चारा अर्पित किया और गौसेवा का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का अवलोकन कर ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, बिलिंग कक्ष, एक्स-रे कक्ष, आईसीयू तथा ऑपरेशन थियेटर सहित विभिन्न इकाइयों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने धनवंतरी जनकल्याण समिति सोसायटी, रायपुर द्वारा संचालित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग इनिशिएटिव वाहन का भी अवलोकन किया। उन्होंने वाहन के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पहुँचाई जा रही कैंसर जांच सेवाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि समय पर जांच और उपचार गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है तथा ऐसी पहल जनस्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर कौशल विकास एवं तकनीकि शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक जगदलपुर श्री किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव, अध्यक्ष खनिज विकास निगम श्री सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े, पूर्व विधायक श्री चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्री गगन जयपुरिया, अध्यक्ष हथकरघा बोर्ड श्री भोजराम देवांगन, पूर्व सांसद श्रीमती कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक श्री निर्मल सिन्हा, पूर्व विधायक श्री खिलावन साहू, श्री चंद्रशेखर देवांगन, श्री राजेन्द्र शर्मा, श्री लक्ष्मीनारायण सोनी, श्री लोमश, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, आश्रम के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम छत्तीसगढ़ का एक प्रतिष्ठित सेवा संस्थान है। इसकी स्थापना वर्ष 1962 में स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे ने की थी। यह संस्था कुष्ठ रोगियों के उपचार, पुनर्वास, सम्मानजनक जीवन एवं समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापना के लिए छह दशकों से अधिक समय से समर्पित भाव से कार्य कर रही है। संस्था द्वारा रोगियों को निःशुल्क उपचार, आवास, भोजन, वस्त्र एवं नियमित स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वरोजगार एवं कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जाते हैं। इसके अतिरिक्त गौशाला संचालन, जैविक खेती, पर्यावरण संरक्षण तथा समय-समय पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं सेवा यात्राओं का भी आयोजन किया जाता है। मानव सेवा, अहिंसा एवं गौरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए संस्था को वर्ष 2025 का राज्य स्तरीय यति यतनलाल सम्मान भी प्राप्त हो चुका है।

संस्था में वर्तमान में अत्याधुनिक कैंसर डायग्नोस्टिक एम्बुलेंस उपलब्ध है, जिसके माध्यम से सर्वाइकल एवं ब्रेस्ट कैंसर की निःशुल्क जांच एवं प्रारंभिक पहचान की सुविधा प्रदान की जाती है। मरीजों के आवागमन के लिए एक अतिरिक्त एम्बुलेंस भी उपलब्ध है। पिछले तीन वर्षों से संचालित संत गुरु घासीदास चिकित्सालय में अत्यंत कम शुल्क पर ओपीडी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। चिकित्सालय में आधुनिक पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे एवं ईसीजी जैसी सुविधाओं के साथ एमबीबीएस चिकित्सक, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स एवं तकनीशियन अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। यहाँ समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक शनिवार को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएँ प्रदान की जाती हैं। संस्था द्वारा गौसंवर्धन एवं गौ-आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जैविक खाद निर्माण, कामधेनु अनुसंधान केंद्र, गोबर गैस, जैविक कृषि एवं बागवानी, गौग्राम जनजागरण यात्रा, गोबर से दीप निर्माण, गौ-उत्पाद निर्माण प्रशिक्षण तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों का भी नियमित संचालन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!