विकसित भारत जी राम जी योजना से गांव होंगे आत्मनिर्भर -जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी

125 दिन का रोजगार और 300 रूपए मजदूरी से मिलेगी श्रमिकों को नई मजबूती
जिला स्तरीय जन सम्मेलन- सह- शुभारंभ कार्यक्रम सोनाईडीह में आयोजित, तिरुपति से केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का हुआ वर्चुअल प्रसारण को सुना
जांजगीर-चांपा 02 जुलाई 2026। विकसित भारत जी राम जी योजना राष्ट्रीय स्तरीय जन सम्मेलन-सह-शुभारंभ कार्यक्रम का आंध्र प्रदेश के तिरुपति से आयोजित राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का वर्चुअल माध्यम से जिले में सीधा प्रसारण देखा एवं सुना गया। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने विकसित भारत जी राम जी का शुभारंभ किया। वही जिला स्तरीय जन सम्मेलन-सह-शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन बम्हनीडीह ग्राम पंचायत सोनाईडीह में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों एवं बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि हमारे लिए यह सौभाग्य की बात है कि आज हम इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के सहभागी बने हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा है कि गांव-गांव का समग्र विकास हो तथा अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे। इसी उद्देश्य से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना अब साकार हो रहा है। जनभागीदारी, जागरूकता और सभी के सहयोग से इस अभियान को आगे बढ़ाना है। पहले रोजगार गारंटी योजना के तहत 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाता था, जबकि अब विकसित भारत जी राम जी योजना के माध्यम से 125 दिनों का रोजगार तथा 300 रुपए प्रतिदिन की मजदूरी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से सशक्त होंगे और गांवों की अर्थव्यवस्था मजबूत बनेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि योजना का क्रियान्वयन पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। जल संरक्षण, जल संचयन एवं अन्य टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण होने के साथ-साथ गांवों में स्थायी विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि गांव का विकास गांव के लोगों के सहयोग से ही संभव है और प्रत्येक नागरिक की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहन कुमारी साहू ने कहा कि गांवों के विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। विकसित भारत जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीणों को 125 दिवस का रोजगार मिलेगा तथा गांवों में विकास कार्यों को गति मिलेगी, जिससे पलायन की स्थिति में कमी आएगी और ग्रामीणों को अपने गांव में ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा चौहान ने कहा कि योजना के माध्यम से प्रत्येक गांव को प्राथमिकता के साथ विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा। योजना के अंतर्गत आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में श्री के.के. चंद्रा, श्रीमती रूपा सिंह देव, श्रीमती उत्तरा सिदार, श्रीमती अमिता लहरे, श्री सुरेश साहू, श्री गोकुल जायसवाल आदि ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा गांवों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण नागरिक, महिलाएं एवं श्रमिक उपस्थित रहे।




