सड़क निर्माण की मांग को लेकर पामगढ़ में चक्काजाम, व्यापारियों ने भी दिया समर्थन, नगर बंद

पामगढ़। क्षेत्र के ग्राम डोंगाकोहरौद में लंबे समय से जर्जर सड़क के निर्माण की मांग को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीणों ने पामगढ़-शिवरीनारायण-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ के कारण आवागमन बेहद कठिन हो गया है, लेकिन कई बार मांग करने के बावजूद अब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया।
आंदोलन को पामगढ़ के व्यापारियों का भी भरपूर समर्थन मिला। व्यापारियों ने नगर बंद रखकर ग्रामीणों के आंदोलन के प्रति एकजुटता दिखाई। नगर बंद और चक्काजाम के चलते पूरे क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित रहा।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने सड़क निर्माण को लेकर आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीण स्पष्ट रूप से सड़क निर्माण की ठोस पहल और लिखित आश्वासन मिलने तक आंदोलन समाप्त करने को तैयार नहीं हुए।
समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण सड़क निर्माण की मांग पर अड़े हुए थे और प्रशासन के साथ वार्ता जारी थी। चक्काजाम के कारण पामगढ़-शिवरीनारायण-बिलासपुर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।




